समधन में चार मासूमों की स्मृति में बन रहा आधुनिक दंगल पार्क
• अध्यक्ष व ईओ ने किया निरीक्षण, निर्माण कार्य की गुणवत्ता और प्रगति का लिया जायजा
कन्नौज। नगर पंचायत समधन में गुरुवार को अध्यक्ष आसमा बेगम और अधिशासी अधिकारी दिव्या गुप्ता ने दंगल पार्क निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और प्रगति का जायजा लिया तथा आवश्यक दिशा- निर्देश दिए। अध्यक्ष आसमा बेगम और अधिशासी अधिकारी दिव्या गुप्ता ने बताया कि नगर में पूर्व में हुई एक दर्दनाक घटना में तालाब में डूबने से चार मासूम बच्चों की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद जिलाधिकारी के निर्देश पर नगरवासियों को सुरक्षित और बेहतर सार्वजनिक स्थल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दंगल पार्क के निर्माण का निर्णय लिया गया। उन्होंने बताया कि पार्क को आधुनिक सुविधाओं से विकसित किया जा रहा है। इसमें बच्चों के मनोरंजन के लिए आकर्षक झूले, सेल्फी प्वाइंट, “स्वच्छ समधन, सुंदर समधन” थीम पर आकर्षक सजावट, स्टाररी फाउंटेन, स्ट्रीट लाइटें तथा हरित वातावरण विकसित किया गया है। इसके अलावा नागरिकों के टहलने और बैठने के लिए पर्याप्त संख्या में कुर्सियों व बैठने की व्यवस्था भी की गई है। अधिकारियों ने कहा कि पार्क का निर्माण पूर्ण होने के बाद यह नगरवासियों, विशेषकर बच्चों और परिवारों के लिए सुरक्षित, सुंदर और मनोरंजन का प्रमुख केंद्र बनेगा।


