मोटरसाइकिल से 12 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन को निकले शिवभक्त
• 10 से 12 हजार किलोमीटर की यात्रा तय करेंगे श्रद्धालु, करीब एक से डेढ़ माह में पूर्ण होगी यात्रा

जलालाबाद, कन्नौज। कस्बा जसोदा से सोमवार को चार शिवभक्त मोटरसाइकिल से देश के 12 ज्योतिर्लिंगों की तीर्थयात्रा पर रवाना हुए। यात्रा शुरू होने से पहले श्रद्धालुओं ने शिवभक्ति गीतों के साथ कस्बे के प्रमुख मंदिरों में पूजा- अर्चना कर भगवान शिव का आशीर्वाद लिया। यात्रा पर निकले अजय कुशवाहा, प्रशांत गुप्ता, सोम कुशवाहा और अभिलाष पाल को कस्वा के गणमान्य लोगों ने माला पहनाकर और तिलक लगाकर शुभकामनाएं दीं। श्रद्धालु इस यात्रा के दौरान सोमनाथ (गुजरात), मल्लिकार्जुन (आंध्र प्रदेश), महाकालेश्वर (उज्जैन, मध्य प्रदेश), ओंकारेश्वर (मध्य प्रदेश), केदारनाथ (उत्तराखंड), भीमाशंकर (महाराष्ट्र), काशी विश्वनाथ (उत्तर प्रदेश), त्र्यंबकेश्वर (महाराष्ट्र), वैद्यनाथ (झारखंड), नागेश्वर (गुजरात), रामेश्वरम (तमिलनाडु) और घृष्णेश्वर (महाराष्ट्र) ज्योतिर्लिंगों के दर्शन करेंगे।श्रद्धालुओं ने बताया कि यात्रा लगभग 10 से 12 हजार किलोमीटर की होगी, जिसे वे करीब एक से डेढ़ माह में पूरा करने का लक्ष्य लेकर निकले हैं। इस दौरान भाजपा युवा मोर्चा के सतेंद्र कटियार, उदय कटियार और ज्ञान प्रकाश ने यात्रियों को पटुका पहनाकर शुभकामनाएं दीं।

