एंबुलेंस पायलटों को TSI ने यातायात नियमों का दिया प्रशिक्षण

• मानीमऊ पीएचसी में एंबुलेंस पायलट्स रिफ्रेशर ट्रेनिंग कार्यक्रम आयोजित

कन्नौज। मानीमऊ स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में एंबुलेंस पायलट्स रिफ्रेशर ट्रेनिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान 108 एंबुलेंस सेवा के पायलटों को यातायात नियमों, आपातकालीन परिस्थितियों में वाहन संचालन और सड़क सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। प्रभारी निरीक्षक यातायात रवि शंकर त्रिपाठी के नेतृत्व में टीएसआई आफाक खान ने प्रशिक्षण दिया। कार्यक्रम में एंबुलेंस सर्विसेज के प्रोग्राम मैनेजर विकास पटेल और जिला कोऑर्डिनेटर रुपेश तिवारी ने सहयोग किया। टीएसआई आफाक खान ने पायलटों को ग्रीन कॉरिडोर, गोल्डन आवर और रिस्पांस टाइम की अवधारणा विस्तार से समझाई। उन्होंने बताया कि एंबुलेंस चालक को ‘पायलट’ इसलिए कहा जाता है क्योंकि उसका मुख्य उद्देश्य सुरक्षित और त्वरित तरीके से मरीज को अस्पताल तक पहुंचाना होता है। प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि आपातकाल में मरीज या घायल की जान बचाने के लिए एंबुलेंस को विशेष कानूनी छूट प्राप्त होती है। ऐसी स्थिति में आवश्यक होने पर रेड लाइट पार करना, निर्धारित गति सीमा से अधिक गति से चलना, वन-वे या नो-एंट्री मार्ग का उपयोग करना जैसी कार्रवाई की जा सकती है, लेकिन यह छूट केवल वास्तविक आपातकालीन परिस्थितियों में ही लागू होती है। उन्होंने एंबुलेंस पायलटों से हमेशा निर्धारित यूनिफॉर्म पहनने, वाहन चलाते समय सीट बेल्ट लगाने तथा अपने कार्यक्षेत्र की भौगोलिक जानकारी रखने पर भी जोर दिया। साथ ही सड़क संकेतों की जानकारी देते हुए सड़क दुर्घटना में घायलों की सहायता और सुरक्षित यातायात संचालन से जुड़े व्यावहारिक सुझाव भी साझा किए। कार्यक्रम में 108 एंबुलेंस सेवा के पायलटों के साथ पीएचसी स्टाफ भी मौजूद रहा।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *