कन्नौज में सर्राफा व्यापारी से जेवर चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 4 पकड़े गए
• ज्वैलरी देखने के बहाने दुकानदार को बातों में उलझाकर ले उड़े थे सोने के आभूषण

कन्नौज। सर्राफा व्यापारी से धोखाधड़ी कर जेवर चोरी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किए गए सोने- चांदी के आभूषण, घटना में प्रयुक्त बोलेरो, तीन मोबाइल फोन और नकदी बरामद की है। पुलिस के अनुसार, 9 जुलाई को तालग्राम थाना क्षेत्र के अमोलर गांव स्थित पटेल ज्वैलर्स के संचालक विवेक पटेल की दुकान पर दो महिलाएं और एक पुरुष ग्राहक बनकर पहुंचे थे। तीनों ने ज्वैलरी देखने के बहाने दुकानदार को बातचीत में उलझाए रखा। इसी दौरान महिलाओं ने चोरी- छिपे करीब 7.5 ग्राम सोने के आभूषण और 150 ग्राम चांदी की तोड़िया पार कर दीं। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। इस मामले में विवेक पटेल की तहरीर पर 12 जुलाई को तालग्राम थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और अन्य साक्ष्यों के आधार पर गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में हरदोई जिले के बेनीगंज थाना क्षेत्र निवासी रिंकी उर्फ पिंकी (31), छुन्ना देवी (49), सिराज (27) तथा मल्लावां निवासी ऊषा (54) शामिल हैं। सिराज घटना में प्रयुक्त बोलेरो का चालक बताया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक जोड़ी सोने के टॉप्स, एक सोने का डबल पेंडल, एक जोड़ी सोने के कुंडल, एक जोड़ी चांदी की तोड़िया, घटना में प्रयुक्त बोलेरो (यूपी-32 पीटी-8309), तीन मोबाइल फोन और 5,020 रुपये बरामद किए हैं। जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार आरोपियों, विशेषकर रिंकी उर्फ पिंकी और ऊषा, के खिलाफ हरदोई, लखनऊ, फतेहपुर, बाराबंकी, शाहजहांपुर, सीतापुर समेत कई जिलों में चोरी, धोखाधड़ी और अन्य आपराधिक मामलों के मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने घटना का खुलासा करते हुए बताया कि आरोपियों के आपराधिक नेटवर्क और अन्य घटनाओं में संलिप्तता की भी जांच कर रही है।

