कन्नौज में फायर सेफ्टी मानकों में खामियां मिलने पर चार लाइब्रेरी सील, एक बंद कराई गई

• लखनऊ अग्निकांड हादसे के बाद जागा प्रशासन, अभियान तेज

कन्नौज। लखनऊ अलीगंज में कोचिंग सेंटर पर अग्निकांड में 15 लोगों की जान चली गई, उसके बाद जनपद में संचालित कोचिंग संस्थानों और लाइब्रेरी में सुरक्षा व्यवस्था की जांच के लिए मंगलवार को प्रशासन, पुलिस और अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीम ने छिबरामऊ क्षेत्र में अभियान चलाया। निरीक्षण के दौरान फायर सेफ्टी मानकों और आवश्यक अनुमति संबंधी दस्तावेजों में कमियां मिलने पर चार लाइब्रेरी को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया, जबकि एक अन्य लाइब्रेरी को बंद करा दिया गया। उपजिलाधिकारी तिर्वा, क्षेत्राधिकारी छिबरामऊ, प्रभारी निरीक्षक थाना छिबरामऊ तथा अग्निशमन अधिकारी की संयुक्त टीम ने थाना क्षेत्र में संचालित आधा दर्जन से अधिक कोचिंग संस्थानों और लाइब्रेरी का निरीक्षण किया। इस दौरान फायर सेफ्टी व्यवस्था, आपातकालीन निकासी के इंतजाम तथा संचालन से संबंधित अनुमति पत्रों की गहन जांच की गई। जांच में फायर सेफ्टी मानकों एवं आवश्यक अनुमति के अभाव में विद्या ज्ञान डिजिटल लाइब्रेरी (संचालक धीरज गुप्ता), अध्यन लाइब्रेरी (संचालक पवन कुमार), एमएच लाइब्रेरी (संचालक सादाब) तथा रिषिका लाइब्रेरी (संचालक आशुतोष दुबे) को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया। इसके अलावा स्टडी प्वाइंट डिजिटल लाइब्रेरी (संचालक गौरव चतुर्वेदी) को भी बंद करा दिया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कोचिंग और लाइब्रेरी संचालकों को निर्देश दिए कि वे अग्निशमन सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करें और सक्षम प्राधिकारी की अनुमति प्राप्त किए बिना किसी भी संस्थान का संचालन न करें। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि भविष्य में नियमों के उल्लंघन की स्थिति में संबंधित संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र के अन्य कोचिंग संस्थान एवं लाइब्रेरी संचालकों में हड़कंप मचा रहा।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *