समय पर ड्यूटी करें स्वास्थ्य कर्मी, लापरवाही पर होगी कार्रवाई : सीएमओ

• सीएचसी व पीएचसी का निरीक्षण कर सीएमओ ने परखी हकीकत, दिए आवश्यक दिशा- निर्देश  

जलालाबाद, कन्नौज। मुख्य चिकित्सा अधिकारी विकास चंद्रा ने रविवार को स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत परखने के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जलालाबाद, पीएचसी अनौगी तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जलालाबाद का औचक निरीक्षण किया। साथ ही सभी कर्मचारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। सीएमओ ने सबसे पहले पीएचसी जलालाबाद और अनौगी में आयोजित आरोग्य मेले का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने मरीजों से बातचीत कर उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली तथा परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने सीएचसी जलालाबाद पहुंचकर उपस्थिति रजिस्टर, ओपीडी, लैब और इमरजेंसी सेवाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान भर्ती मरीजों से उपचार संबंधी जानकारी प्राप्त कर स्वास्थ्य सुविधाओं की गुणवत्ता परखी। महिला विंग में तैनात स्टाफ नर्स प्रेरणा वर्मा से भी मरीजों को दी जा रही सेवाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि मरीजों के उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दूर-दराज से आने वाले मरीजों को बेहतर और समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सभी स्वास्थ्य कर्मियों की जिम्मेदारी है। सीएमओ ने स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी कर्मचारी निर्धारित समय पर ड्यूटी पर पहुंचें। समय पालन में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान डॉ. संदीप कोहली, डॉ. रिंकेश, फार्मासिस्ट ज्ञानेंद्र सचान, वार्ड बॉय रवि सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *