अस्पताल में बिना एप्रेन, आई-कार्ड के मिले कर्मचारी सीएमएस ने लगाई फटकार

• जिला अस्पताल का निरीक्षण करने पहुँचे सीएमएस, अव्यवस्थाओं पर जताई नाराजगी

कन्नौज। जिला अस्पताल में गुरुवार सुबह मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) डॉ. गोपाल नारायण द्विवेदी ने स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सकीय व्यवस्थाओं का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विभिन्न व्यवस्थाओं में खामियां मिलने पर संबंधित कर्मचारियों को फटकार लगाई और सुधार के निर्देश दिए। निरीक्षण के समय कई कर्मचारी बिना एप्रेन और आई-कार्ड के कार्य करते मिले। इस पर सीएमएस ने नाराजगी जताते हुए सभी कर्मचारियों को निर्धारित ड्रेस कोड का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल में कार्यरत प्रत्येक कर्मचारी की पहचान स्पष्ट होनी चाहिए, जिससे मरीजों और तीमारदारों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। ओपीडी के बाहर मरीजों और तीमारदारों की भीड़ देखकर सीएमएस ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मरीजों को कतारबद्ध कर एक लाइन में उपचार कराने की व्यवस्था सुनिश्चित कराई, ताकि अव्यवस्था और धक्का-मुक्की की स्थिति न बने। दवा वितरण काउंटर का निरीक्षण करते हुए सीएमएस ने फार्मासिस्टों को निर्देश दिए कि दवा देने के साथ मरीजों को दवा सेवन का समय और तरीका भी स्पष्ट रूप से बताया जाए। इससे मरीजों को दोबारा चिकित्सकों की ओपीडी में जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी और उपचार प्रक्रिया अधिक सुगम होगी। अल्ट्रासाउंड जांच में लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए उन्होंने संबंधित चिकित्सकों और कर्मचारियों को शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। साथ ही फर्जी पर्चियों पर रोक लगाने के लिए चिकित्सकों को प्रत्येक पर्चे पर हस्ताक्षर के साथ मोहर लगाने के निर्देश दिए, जिससे जांच और उपचार संबंधी प्रक्रियाओं में पारदर्शिता बनी रहे। सीएमएस ने कहा कि अस्पताल में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। व्यवस्थाओं में लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियमित निरीक्षण के माध्यम से व्यवस्थाओं की निगरानी की जाएगी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *