भाजपा फर्जी वोटों के सहारे राजनीतिक लाभ लेने का कर रही प्रयास: कलीम खान
• पीडीए घोटाले और फर्जी वोट बढ़ाने का आरोप, सपा ने उच्चस्तरीय जांच की मांग
कन्नौज। समाजवादी पार्टी ने जिले में कथित पीडीए घोटाले और मतदाता सूची में फर्जी वोट बढ़ाए जाने का आरोप लगाते हुए सरकार और प्रशासन पर निशाना साधा है। नसिरापुर स्थित सपा कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में जिलाध्यक्ष कलीम खान ने कहा कि पीडीए के नाम पर बड़े पैमाने पर अनियमितताएं हुई हैं, जिससे गरीब, पिछड़े और वंचित वर्ग के लोगों के अधिकारों का हनन हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के बजाय चहेते लोगों को दिया गया। इससे पीडीए वर्ग का शोषण हुआ है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की। प्रेस वार्ता के दौरान कलीम खान ने कुछ दस्तावेज भी पत्रकारों के समक्ष प्रस्तुत किए। उनका दावा था कि ये दस्तावेज कथित अनियमितताओं और नियमों की अनदेखी के प्रमाण हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्रों में करीब 5200 फर्जी वोट बढ़ाए गए हैं। उनका कहना था कि भाजपा उत्तर प्रदेश में भी फर्जी वोटों के सहारे राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर रही है, लेकिन समाजवादी पार्टी इसके खिलाफ संघर्ष करेगी। जिलाध्यक्ष ने कहा कि पार्टी इस मुद्दे पर चुप नहीं बैठेगी और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन करेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो पार्टी कार्यकर्ता जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी ही ऐसी पार्टी है जो हर स्तर पर जनता की आवाज उठाने का काम कर रही है। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष पी.पी. सिंह बघेल, प्रदेश उपाध्यक्ष हसीब हसन, विवेक पाल, कुलदीप यादव समेत कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी ने कथित घोटाले के खिलाफ एकजुट होकर आवाज उठाने का संकल्प लिया।


