सीसीटीएनएस रैंकिंग में कन्नौज पुलिस प्रदेश में अव्वल
• एफआईआर के प्रभावी संचालन, अपराध विश्लेषण तथा अन्य तकनीकी मानकों पर बेहतर कार्य के परिणामस्वरूप मिला स्थान, एसपी ने पुलिस टीम को दी बधाई
कन्नौज। मुख्यालय तकनीकी सेवाएं, उत्तर प्रदेश द्वारा सीसीटीएनएस (क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क एंड सिस्टम्स) योजना के अंतर्गत जनपदों के कार्यों के मूल्यांकन के आधार पर जारी रैंकिंग में कन्नौज पुलिस ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। यह उपलब्धि सीसीटीएनएस पोर्टलों पर गुणवत्तापूर्ण डाटा प्रविष्टि, समयबद्ध अद्यतन, ई-एफआईआर के प्रभावी संचालन, प्रशिक्षण, अपराध विश्लेषण, मासिक अनुपालन तथा अन्य तकनीकी मानकों पर बेहतर कार्य के परिणामस्वरूप हासिल हुई है। इस सफलता ने जनपद पुलिस की तकनीकी दक्षता, कार्यकुशलता और अपराध नियंत्रण एवं विवेचना के आधुनिकीकरण के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को प्रमाणित किया है। एसपी विनोद कुमार के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों, सीसीटीएनएस ऑपरेटरों तथा पुलिस कर्मियों के सतत प्रयासों और बेहतर टीम वर्क के चलते यह उपलब्धि संभव हो सकी। इस अवसर पर एसपी ने पूरी पुलिस टीम को बधाई देते हुए कहा कि भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट कार्य करते हुए जनपद को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि तकनीक आधारित पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाकर आमजन को बेहतर एवं त्वरित पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराना कन्नौज पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से इसी उत्साह और समर्पण के साथ कार्य करते रहने का आह्वान किया। कन्नौज पुलिस की यह उपलब्धि जनसेवा, पारदर्शिता तथा तकनीकी सशक्तिकरण के प्रति उसकी प्रतिबद्धता का प्रतीक मानी जा रही है।


