कन्नौज में कड़ी निगरानी में संपन्न हुई पुलिस भर्ती परीक्षा
• डीएम- एसपी ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था को परखा, दिए निर्देश

- दूसरे दिन करीब डेढ़ हजार अभ्यर्थियों ने छोड़ी परीक्षा, 5838 अभ्यर्थी हुए शामिल
कन्नौज। उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा- 2025 के दूसरे दिन जिले के 12 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण एवं नकलविहीन वातावरण में संपन्न हुई। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री और पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने किसान इंटर कॉलेज तिर्वा, डीएन इंटर कॉलेज तिर्वा, राजकीय इंटर कॉलेज उमर्दा व सरदार पटेल इंटर कॉलेज सहित कई केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। प्रथम पाली में 3696 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 2918 उपस्थित रहे, जबकि 778 अनुपस्थित रहे। वहीं द्वितीय पाली में 2920 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी और 776 अनुपस्थित रहे। अधिकारियों ने बायोमैट्रिक सत्यापन, सीसीटीवी निगरानी, कंट्रोल रूम संचालन एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। डीएम ने कहा कि परीक्षा की शुचिता, पारदर्शिता और विश्वसनीयता प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। एसपी ने सुरक्षा कर्मियों को पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए। प्रशासन ने परीक्षा के निष्पक्ष एवं सफल संचालन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं।

