एंबुलेंस की देरी से युवक की मौत, स्वास्थ्य विभाग पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा

• रेफर के बाद एक घंटे तक एंबुलेंस के लिए भटकते रहे परिजन, निजी वाहन से ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम

  • प्रशासनिक लापरवाही से बुझा घर का इकलौता चिराग, सीएचसी अधीक्षक बोले एम्बुलेंस हमारे नियंत्रण में नही

कन्नौज। गुगरापुर क्षेत्र के बदनापुर घाट पर नहाने गया युवक गहरे पानी मे चले जाने से डूब गया, कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने किसी तरह से बाहर निकाला, समय से युवक को इलाज और एंबुलेंस सुविधा न मिलने से मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में लोगों ने स्वास्थ्य विभाग की कार्यशैली पर नाराजगी जताई। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस बल को मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत कराना पड़ा। ग्राम किरतपुर निवासी भानु गंगा नदी में डूब गया था। परिजनों और ग्रामीणों ने उसे किसी तरह नदी से बाहर निकाला और सरकारी एंबुलेंस को सूचना दी, लेकिन काफी देर तक एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंच सकी। इस दौरान युवक की हालत लगातार बिगड़ती रही। सूचना पर पहुंची यूपी-112 पुलिस टीम ने मानवता दिखाते हुए युवक को अपनी गाड़ी से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुगरापुर पहुंचाया। सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने युवक की गंभीर हालत देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। परिजनों का आरोप है कि रेफर किए जाने के बाद भी करीब एक घंटे तक एंबुलेंस उपलब्ध नहीं हो सकी। अस्पताल परिसर में परिजन युवक को लेकर मदद के लिए इधर-उधर भटकते रहे, लेकिन कोई व्यवस्था नहीं हो सकी। आखिरकार परिजन युवक को निजी वाहन से मेडिकल कॉलेज लेकर रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। बताया गया कि भानु अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी मौत से स्वजनों में चीख पुकार मच गई। घटना की सूचना मिलते ही किरतपुर समेत आसपास के गांवों के लोग बदनापुर घाट पर पहुंच गए और स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आक्रोश जताया। हालात तनावपूर्ण होते देख गुरसहायगंज कोतवाल अजय अवस्थी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय पर एंबुलेंस और बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल जाती तो युवक की जान बचाई जा सकती थी। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। मामले में प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ सुरेंद्र कुमार चौधरी ने बताया कि एम्बुलेंस हमारे नियंत्रण में नही है, कॉल करने पर सीधे लखनऊ कॉल जाती है, उसी के अनुसार एम्बुलेंस उसी स्थान पर भेजी जाती है, एम्बुलेंस के समय से न पहुँचने की क्या वजह रही है, इसकी जानकारी नही है, एम्बुलेंस का सीधा लखनऊ से जुड़ाव है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *