कन्नौज में 7 लाख की अवैध शराब पकड़ी, हरियाणा के दो तस्कर गिरफ्तार

• 142 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद, हरियाणा से लाकर डबल दामों में बिहार में करते थे सप्लाई

कन्नौज। जनपद में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एसओजी/सर्विलांस टीम और गुरसहायगंज कोतवाली पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय शराब तस्करी गैंग के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब सात लाख रुपये कीमत की 142 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब और एक आयशर कैंटर बरामद किया है। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार और क्षेत्राधिकारी नगर कुलवीर सिंह के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। प्रभारी एसओजी/ सर्विलांस निरीक्षक त्रदीप सिंह और प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार अवस्थी की संयुक्त टीम ने रविवार सुबह करीब 5:30 बजे समधन फ्लाईओवर के पास जीटी रोड पर मुखबिर की सूचना पर आयशर कैंटर संख्या यूपी 17एटी3522 को रोककर जांच की। तलाशी के दौरान वाहन से 142 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब ‘ब्लू स्ट्रोक व्हिस्की’ बरामद हुई। पुलिस ने मौके से हरियाणा के सोनीपत जनपद निवासी जगदीश कुमार और विजय को गिरफ्तार कर लिया। बरामद शराब की मात्रा लगभग 1704 लीटर बताई गई है। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे हरियाणा से सस्ते दामों पर शराब खरीदकर बिहार के मुजफ्फरपुर में सप्लाई करते थे। बिहार में शराबबंदी होने के कारण वहां ऊंचे दामों में बिक्री कर मुनाफा कमाते थे। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ गुरसहायगंज कोतवाली में आबकारी अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। बरामदगी में दो मोबाइल फोन और 1840 रुपये नकद भी शामिल हैं। पुलिस कार्यालय पर एसपी विनोद कुमार ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि मुखबिर की सूचना पर अवैध शराब पकड़ी गई है, जोकि हरियाणा से बिहार ले जाई जा थी। कब्जे से 142 अवैध अंग्रेजी शराब की पेटी बरामद हुई, बताया कि हरियाणा से बिहार लेकर जाकर डबल दामो में बिक्री करते थे, मामले में दो लोगों को गिरफ्तार कर विधिक कार्यवाही करते हुए जेल भेजा जा रहा है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *