ट्रांसफार्मर की मरम्मत के दौरान करंट से लाइनमैन की मौत, परिजनों ने काटा हंगामा

• परिजनों को 10 लाख मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को संविदा पर नौकरी

कन्नौज। ट्रांसफार्मर की मरम्मत के दौरान लाइनमैन की मौत हो गई। जिससे आक्रोशित परिजनों ने पावर हाउस पर शव रखकर विभाग के अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा काटा। परिजनों और विद्युत विभाग के अधिकारियों के बीच मुआवजे को लेकर विवाद की स्थिति बन गई, जिसे प्रशासन की मौजूदगी में आपसी सहमति से सुलझा लिया गया। गुरसहायगंज थाना क्षेत्र के गांव लाड़पुर निवासी सरमू उर्फ शिवसागर कठेरिया (35) पुत्र वीरेंद्र कठेरिया रविवार दोपहर करीब तीन बजे गुरसहायगंज पावर हाउस में ट्रांसफार्मर की मरम्मत का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान हादसा हो गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। हादसे की सूचना पर प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों से बातचीत की। जिला प्रशासन ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया। बाद में मृतक के परिजनों और विद्युत उपखंड अधिकारी गुरसहायगंज के बीच वार्ता हुई, जिसमें कई बिंदुओं पर सहमति बनी। सहमति के अनुसार, विद्युत विभाग की ओर से मृतक के वारिसों को नियमानुसार 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। वहीं कार्यदायी संस्था की ओर से परिवार के एक सदस्य को संविदा पर नौकरी दी जाएगी। इसके अलावा ईपीएफ व अन्य देयकों का भुगतान शीघ्र कराने का आश्वासन दिया गया है। मृतक के दो बच्चों को बाल सेवा योजना के तहत लाभ भी दिलाया जाएगा। दोनों पक्षों ने लिखित सहमति पत्र पर हस्ताक्षर कर मामले का शांतिपूर्ण समाधान कर लिया।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *