बदलते मौसम में स्वास्थ्य के प्रति रहें सचेत : डॉ. माजिद
• पीएचसी अनौगी में 30 मरीजों का इलाज, चिकित्सकीय सलाह से ही दवा सेवन करने की अपील

जलालाबाद, कन्नौज। बदलते मौसम में खांसी, जुकाम और बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। ऐसे में लोगों को स्वास्थ्य के प्रति विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है। यह बात अनौगी स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्साधिकारी डॉ. माजिद ने मरीजों के उपचार के दौरान कही। उन्होंने कहा कि अत्यधिक गर्मी और मौसम में लगातार हो रहे बदलाव के कारण वायरल संक्रमण और मौसमी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी पीना चाहिए तथा शरीर में पानी और आवश्यक लवणों की कमी से बचने के लिए ओआरएस का घोल नियमित रूप से लेना चाहिए। उन्होंने सलाह दी कि किसी भी बीमारी की स्थिति में स्वयं दवा लेने के बजाय चिकित्सक की सलाह के बाद ही दवा का सेवन करें। मंगलवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में खांसी, जुकाम, बुखार समेत विभिन्न मौसमी बीमारियों से पीड़ित करीब 30 मरीजों की जांच कर उनका उपचार किया गया। चिकित्साधिकारी ने मरीजों को साफ- सफाई रखने, संतुलित आहार लेने और धूप से बचाव के उपाय अपनाने की भी सलाह दी। इस दौरान फार्मासिस्ट ओंकार, वार्ड बॉय मुकेश, नीरज सहित आदि लोग रहे। स्वास्थ्य केंद्र पर मरीजों को आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराते हुए स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता भी दी गई।

