एडीजी ने कन्नौज में कानून- व्यवस्था की समीक्षा की
• जिले में प्रथम आगमन पर एसपी ने किया स्वागत, एडीजी महिला सुरक्षा और अपराध नियंत्रण पर दिए कड़े निर्देश
कन्नौज। अपर पुलिस महानिदेशक, कानपुर जोन अनुपम कुलश्रेष्ठ ने बुधवार को जनपद कन्नौज का भ्रमण कर कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिस कार्यप्रणाली की व्यापक समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराधों की रोकथाम तथा जनसुनवाई की गुणवत्ता में सुधार के लिए आवश्यक दिशा- निर्देश दिए। जनपद आगमन पर पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने एडीजी का स्वागत किया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में एसपी ने जिले की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और महिला सुरक्षा संबंधी कार्यों का प्रस्तुतीकरण किया। एडीजी ने अधिकारियों को अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने, लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने तथा जनता के प्रति संवेदनशील व्यवहार बनाए रखने के निर्देश दिए। बैठक में उपमहानिरीक्षक कानपुर रेंज हरीश चंदर भी मौजूद रहे। एडीजी ने राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों के साथ अलग से समीक्षा बैठक कर लंबित विवेचनाओं, महिला संबंधी अपराधों, साइबर अपराधों, ऑपरेशन कन्विक्शन, ऑपरेशन त्रिनेत्र, बीट पुलिसिंग एवं अपराध नियंत्रण संबंधी कार्यों की गहन समीक्षा की। उन्होंने सभी अभियानों में और अधिक प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा। भ्रमण के दौरान एडीजी ने व्यापार मंडल के पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने। संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश भी दिए। वहीं मीडिया प्रतिनिधियों के साथ संवाद करते हुए उन्होंने जिले की कानून- व्यवस्था और पुलिस की जनहितकारी पहलों की जानकारी साझा की। इसके बाद एडीजी ने पुलिस लाइन का निरीक्षण किया। उन्होंने आवासीय परिसर, बैरक, मेस, कार्यालयों एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लेकर गुणवत्ता, अनुशासन और कार्मिक सुविधाओं को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। पुलिसकर्मियों के सम्मेलन में उन्होंने कर्मचारियों की समस्याएं और सुझाव सुने तथा उनके त्वरित निस्तारण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कार्मिकों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान होने से पुलिस बल का मनोबल और कार्यक्षमता दोनों बढ़ेंगे। एडीजी ने थाना कोतवाली कन्नौज का आकस्मिक निरीक्षण भी किया। इस दौरान अभिलेखों, अपराध रजिस्टरों, मालखाना, हवालात, सीसीटीएनएस कार्यों और जनसुनवाई व्यवस्था की समीक्षा की गई। उन्होंने रिकॉर्ड संधारण और शिकायत निस्तारण को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। भ्रमण के अंत में एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ ने जिले की कानून- व्यवस्था पर संतोष व्यक्त करते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों को शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्य करने तथा जनता के प्रति संवेदनशील और जवाबदेह बने रहने की हिदायत दी। इस अवसर पर एसपी विनोद कुमार सहित जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी और थाना प्रभारी मौजूद रहे।


