मंधना से दिल्ली के लिए रोजाना दो ट्रेनें चलाने की मांग

• कालिंद्री एक्सप्रेस के संभावित रूट परिवर्तन पर जताई चिंता, भारतीय उद्योग व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष राज शर्मा ने एडीआरएम को सौंपा पांच सूत्रीय ज्ञापन

कन्नौज। पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर के जेडआरयूसीसी सदस्य एवं भारतीय उद्योग व्यापार मंडल कन्नौज के जिलाध्यक्ष राज शर्मा ने बृहस्पतिवार को इज्जतनगर मंडल, बरेली पहुंचकर अपर मंडल रेल प्रबंधक (एडीआरएम) मनोज कुमार को पांच सूत्रीय मांगपत्र सौंपा। उन्होंने यात्रियों एवं जनहित से जुड़ी विभिन्न समस्याओं से अवगत कराते हुए उनके समाधान की मांग की। राज शर्मा ने बताया कि अनवरगंज- मंधना एलिवेटेड ट्रैक निर्माण के चलते रेलवे प्रशासन कुछ ट्रेनों को निरस्त करने तथा उनके मार्ग परिवर्तन की योजना पर कार्य कर रहा है। इससे क्षेत्र के यात्रियों और व्यापारियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के लिए कालिंद्री एक्सप्रेस ही प्रमुख ट्रेन है और उसके भी डायवर्ट रूट से संचालन की चर्चा चल रही है, जिससे आम जनमानस प्रभावित होगा। उन्होंने सुझाव दिया कि यदि कालिंद्री एक्सप्रेस को बंद करने या उसका मार्ग बदलने की योजना है तो रेलवे बोर्ड को पहले मंधना से दिल्ली के लिए प्रतिदिन दो ट्रेनों की व्यवस्था करनी चाहिए। इससे सुबह और शाम दोनों समय यात्रियों को बेहतर सुविधा मिल सकेगी। उन्होंने कहा कि इस रूट पर ट्रेनों के बंद होने या मार्ग परिवर्तन से रेलवे को भी राजस्व का नुकसान उठाना पड़ सकता है। राज शर्मा ने मानीमऊ रेलवे स्टेशन के आसपास रेलवे रैक प्वाइंट स्थापित कराने की मांग भी उठाई। उन्होंने कहा कि रेलवे विभाग आवश्यक भूमि का आकलन कर अपनी रिपोर्ट उत्तर प्रदेश सरकार को भेजे, ताकि जनप्रतिनिधियों के सहयोग से भूमि उपलब्ध कराई जा सके। रैक प्वाइंट बनने से किसानों और व्यापारियों को सीधा लाभ मिलेगा तथा खाद एवं अन्य आवश्यक वस्तुओं को दूसरे जिलों से मंगाने में होने वाला अतिरिक्त परिवहन खर्च कम होगा। इसके अलावा उन्होंने कन्नौज रेलवे स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे कार्यों में तेजी लाने और गुणवत्ता सुनिश्चित करने की मांग की। वहीं कानपुर से मथुरा तक प्रस्तावित डबल रेलवे लाइन के सर्वे में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने तथा डीपीआर तैयार होने के बाद शीघ्र बजट आवंटन कराने का आग्रह किया। उनका कहना था कि डबल लाइन बनने से ट्रेनों का संचालन अधिक सुचारू होगा और इस मार्ग पर नई ट्रेनों के संचालन का रास्ता भी खुलेगा। उन्होंने दोहराया कि कालिंद्री एक्सप्रेस को बंद करने से पहले मंधना से वैकल्पिक ट्रेन संचालन की योजना बनाई जानी चाहिए। इस दौरान राज शर्मा ने एडीआरएम मनोज कुमार को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत भी किया। अपर मंडल रेल प्रबंधक ने ज्ञापन में उठाए गए सुझावों पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *