पुलिस ने छात्र- छात्राओं को पढ़ाया यातायात नियमों का पाठ

• टीएसआई ने आरएस इंटर कॉलेज तिर्वा में चलाया जागरूकता अभियान, किए यातायात संबंधी सवाल जबाब

कन्नौज। तिर्वा कस्बे स्थित आरएस इंटर कॉलेज में बुधवार को यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में टीएसआई आफाक खान ने छात्र- छात्राओं को यातायात नियमों की जानकारी देकर जागरूक किया। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार के निर्देश पर एवं क्षेत्राधिकारी डॉ. प्रियंका बाजपेई के पर्यवेक्षण में यातायात निरीक्षक रविशंकर त्रिपाठी के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में टीएसआई आफाक खान ने प्रधानाचार्य अनिल यादव के सहयोग से बच्चों को सड़क सुरक्षा के नियम समझाए। उन्होंने पैदल सड़क पार करने के तरीके, ज़ेबरा क्रॉसिंग का महत्व, आपातकालीन वाहनों की पहचान, हेलमेट और सीट बेल्ट की अनिवार्यता समेत कई विषयों पर जानकारी दी। टीएसआई ने स्कूली वाहनों में सुरक्षा उपकरणों की आवश्यकता तथा दोपहिया वाहन पर तीन सवारी बैठाने के नुकसान भी बताए। इसके साथ ही घायलों की मदद करने और सड़क पर सुरक्षित चलने के नियमों पर भी बच्चों को जागरूक किया गया। कार्यक्रम के दौरान छात्र- छात्राओं से यातायात नियमों से जुड़े सवाल पूछे गए। सही जवाब देने वाले छात्र-छात्राओं को उपहार देकर सम्मानित किया गया। इनाम पाने वालों में नताशा, शोभा यादव, आराध्या यादव, नैंसी और अर्पित शामिल रहे। टीएसआई आफाक खान ने साइकिल चलाकर बच्चों को दाएं- बाएं मुड़ने के नियमों का डेमो भी दिया। वहीं छोटे बच्चों के साथ पैदल चलते समय अभिभावकों को किस प्रकार सावधानी बरतनी चाहिए, इसका भी प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम में बच्चों में काफी उत्साह देखने को मिला। इस दौरान आरक्षी दीपक यादव भी मौजूद रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *