मेंहदीघाट अन्त्योष्टि स्थल पर अव्यवस्थाओं से डीएम नाराज
• चार सदस्यीय जांच समिति गठित, सात दिन में मांगी रिपोर्ट

कन्नौज। ग्राम पंचायत मेंहदीपुर स्थित मेंहदीघाट अन्त्योष्टि स्थल का शनिवार को जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान घाट परिसर में व्यापक अव्यवस्थाएं और साफ-सफाई की बदहाल स्थिति मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई। निरीक्षण में मुख्य बांध, घाट तक जाने वाली सीढ़ियों तथा पूरे परिसर में गंदगी और अव्यवस्थित हालात पाए गए। जिलाधिकारी ने ग्राम प्रधान से सफाई कर्मियों की तैनाती और कार्ययोजना के संबंध में जानकारी मांगी, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिल सका।
जांच में यह भी सामने आया कि वित्तीय वर्ष 2022-23 में शासन से स्वीकृत करीब 24.23 लाख रुपये की लागत से निर्माणाधीन अन्त्योष्टि स्थल का कार्य अब तक पूरा नहीं कराया गया है। वहीं सांसद निधि से पूर्व में कराए गए निर्माण कार्यों की स्थिति भी खराब मिली। विश्रामालय और चबूतरे जर्जर हालत में पाए गए, जबकि परिसर में प्रकाश व्यवस्था का अभाव मिला। डीएम ने अंतिम संस्कार के लिए आने वाले परिवारों से लिए जाने वाले शुल्क के अभिलेख न मिलने और शुल्क सूची प्रदर्शित न होने पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि इससे व्यवस्था की पारदर्शिता पर सवाल खड़े होते हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने स्थलीय और अभिलेखीय जांच के लिए चार सदस्यीय समिति गठित की है। समिति में उपायुक्त मनरेगा, खंड विकास अधिकारी कन्नौज, सहायक अभियंता आरईडी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को शामिल किया गया है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि समिति सभी बिंदुओं की गहन जांच कर सात दिन के भीतर स्पष्ट और तथ्यात्मक रिपोर्ट प्रस्तुत करे। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त मनरेगा, जिला पंचायत राज अधिकारी और ग्राम प्रधान मौजूद रहे।

