राष्ट्रीय लोक अदालत में 45,398 वाद निस्तारित, वादकारियों के चेहरे खिले
• जिला जज ने दीप प्रज्वलित कर लोक अदालत का किया शुभारंभ
कन्नौज। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में नवीन न्यायालय परिसर में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन हुआ। शुभारंभ जनपद न्यायाधीश एवं प्राधिकरण अध्यक्ष नरेंद्र कुमार झा, परिवार न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश फूलचंद्र पटेल, सचिव/न्यायाधीश अनुजा सिंह समेत अन्य न्यायिक अधिकारियों सहित डीएम आशुतोष मोहन अग्निहोत्री एसपी विनोद कुमार ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलन कर किया। कार्यक्रम में गोमती इंटर कॉलेज की छात्राओं ने सरस्वती वंदना व नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। जनपद न्यायाधीश नरेंद्र कुमार झा ने कहा कि लोक अदालत समाज में सौहार्द और आपसी संवाद बढ़ाने का माध्यम है। उन्होंने आत्मचिंतन और संवाद को विवादों के समाधान की पहली सीढ़ी बताया। लोक अदालत में न्यायालय स्तर पर 8798 वाद संदर्भित किए गए, जिनमें 2215 वादों का निस्तारण कर 1.17 करोड़ रुपये अर्थदंड वसूला गया। वहीं प्रशासनिक स्तर पर 70,817 वादों में से 43,183 वाद निस्तारित हुए और करीब 7.94 करोड़ रुपये के निस्तारण आदेशित किए गए। इस प्रकार कुल 79,615 वादों में से 45,398 वादों का सुलह- समझौते के आधार पर निस्तारण कर करीब 9.11 करोड़ रुपये आदेशित किए गए। कार्यक्रम में स्वास्थ्य शिविर, रक्तदान शिविर, जेल बंदियों द्वारा तैयार उत्पादों के स्टॉल, इत्र प्रदर्शनी तथा महिला सशक्तीकरण योजनाओं से संबंधित जागरूकता स्टॉल भी लगाए गए। इस दौराम बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रामेंद्र त्रिवेदी सहित आदि पदाधिकारी रहे।


