कन्नौज में नगर पंचायत पर कानूनी शिकंजा, अध्यक्ष-ईओ समेत तीन पर NBW
• वारंट की तामील के लिए पुलिस ने नगर पंचायत कार्यालय में दी दबिश, मौके पर नही मिले संबंधित अधिकारी
कन्नौज। तिर्वा नगर पंचायत में बिजली उपकरण भुगतान विवाद ने तूल पकड़ लिया है। मामले में अदालत ने सख्त रुख अपनाते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष, अधिशासी अधिकारी (ईओ) और एक लिपिक के खिलाफ गैरजमानती वारंट (NBW) जारी कर दिया है। इस कार्रवाई से नगर पंचायत प्रशासन में हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार, नगर पंचायत द्वारा बिजली उपकरण का भुगतान लंबे समय से लंबित था। भुगतान न होने पर संबंधित पक्ष ने न्यायालय की शरण ली थी। मामले की सुनवाई के दौरान कोर्ट ने इसे गंभीरता से लेते हुए तीनों आरोपियों के खिलाफ गैरजमानती वारंट जारी करने के आदेश दिए। वारंट जारी होने की सूचना मिलते ही अधिशासी अधिकारी और लिपिक अवकाश पर चले गए, जिससे उनकी गिरफ्तारी को लेकर स्थिति पेचीदा हो गई है। उधर, पुलिस ने वारंट की तामील के लिए नगर पंचायत कार्यालय में दबिश दी, लेकिन संबंधित अधिकारी मौके पर नहीं मिले। पुलिस टीम अब आरोपियों की तलाश में जुटी है और जल्द गिरफ्तारी की बात कही जा रही है। इस घटनाक्रम के बाद नगर पंचायत की कार्यप्रणाली और वित्तीय अनुशासन पर सवाल खड़े हो गए हैं। प्रशासनिक हलकों में मामले को लेकर चर्चाएं तेज हैं और आगे की कार्रवाई पर सभी की नजर बनी हुई है।


