समधन में जनता दरबार, ईओ दिव्या गुप्ता ने सुनीं समस्याएं
• सभी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए समाधान कराने का दिलाया भरोसा

कन्नौज। नगर पंचायत समधन कार्यालय में शुक्रवार को आयोजित जनता दरबार में अधिशासी अधिकारी दिव्या गुप्ता ने आमजन की समस्याएं सुनीं और उनके शीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिया। जनता दरबार में मोहल्ला गर्दाबाद के निवासियों ने सफाई व्यवस्था की खराब स्थिति तथा बिजली के खंभों पर लगी खराब स्ट्रीट लाइटों की शिकायत की। इस पर ईओ ने संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए जल्द सुधार कराने की बात कही। वहीं मोहल्ला अशफाकउल्ला नगर से नाले- नालियों की सफाई न होने और गलियों में टूटे पड़े क्रॉस जालों को लेकर शिकायतें सामने आईं। स्थानीय लोगों ने बताया कि मुख्य सड़क से सौरखी मोहल्ले की ओर मस्जिद तक जाने वाली गली में भी लंबे समय से जाल टूटे पड़े हैं, जिससे आवागमन में दिक्कत होती है और आए दिन बाइक सवार गिरकर घायल हो रहे हैं। ईओ दिव्या गुप्ता ने सभी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए समयबद्ध तरीके से समाधान कराने का भरोसा दिलाया। इस दौरान लिपिक राजेश वर्मा, दीपक श्रीवास्तव, विक्रम सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

