कन्नौज में झोलाछाप क्लीनिकों पर कार्रवाई, छह के खिलाफ एफआईआर दर्ज

• सीएमओ की अपील केवल पंजीकृत एवं प्रमाणित चिकित्सकों से ही कराएं इलाज

कन्नौज। जनपद में अवैध एवं झोलाछाप चिकित्सकीय गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए स्वास्थ्य विभाग का अभियान लगातार जारी है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. स्वदेश गुप्ता के निर्देश पर टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में औचक निरीक्षण कर कार्रवाई की। सीएमओ ने बताया कि शिकायतों और समाचार पत्रों में प्रकाशित खबरों के आधार पर उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं नोडल अधिकारी मो. अजहर सिद्दीकी ने संबंधित इलाकों में छापेमारी की। इस दौरान कई क्लीनिक संचालकों से वैध चिकित्सकीय प्रमाण पत्र और अभिलेख मांगे गए, लेकिन वे मौके पर कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। टीम ने ऐसे संचालकों को नोटिस जारी कर निर्धारित समय में मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में अभिलेख प्रस्तुत करने के निर्देश दिए थे। हालांकि, तय समयसीमा बीतने के बाद भी कोई संचालक वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने नहीं पहुंचा। इसके बाद नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित थानों में छह क्लीनिक संचालकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने जनसामान्य से अपील की है कि वे केवल पंजीकृत एवं प्रमाणित चिकित्सकों से ही इलाज कराएं। साथ ही, अवैध रूप से संचालित क्लीनिकों की सूचना स्वास्थ्य विभाग को देकर जनहित में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि जनपद में ऐसे तत्वों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
इन क्लीनिकों पर हुई कार्रवाई
स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई के तहत बंगाली क्लीनिक (समधन), लक्ष्मी क्लीनिक (रसूलाबाद), मैराज क्लीनिक (फरिकापुर), फैसल/अलीमुद्दीन क्लीनिक (सौंसरापुर), रिंकू क्लीनिक (मलिकपुर) और सुपर हेल्थ केयर सेंटर (गोवर्धनी रोड) के संचालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *