गौ-आश्रय स्थल चांदापुर में अव्यवस्थाओं पर भड़के डीएम, जांच के आदेश

• सचिव के खिलाफ विभागीय जांच के निर्देश, संबंधित अधिकारियों को दी चेतावनी सुधार लाने के दिए निर्देश

गुगरापुर, कन्नौज। विकास खंड गुगरापुर स्थित चांदापुर गौ- आश्रय स्थल में भारी अव्यवस्थाएं मिलने पर जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने कड़ी नाराजगी जताई। निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाएं अत्यंत खराब पाई गईं, जिस पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। मंगलवार को निरीक्षण के दौरान गौशाला में केयरटेकर अनुपस्थित मिला और परिसर में गंदगी फैली हुई थी। मौके पर करीब 120 गोवंश मौजूद थे, लेकिन उनके लिए हरे चारे की कोई समुचित व्यवस्था नहीं थी। केवल चार बोरी भूसा उपलब्ध पाया गया। चारे की नांद में भी गंदगी मिली, वहीं बीमार गोवंशों का समय पर इलाज न होना भी सामने आया। इन खामियों पर डीएम ने सख्त रुख अपनाते हुए ग्राम विकास अधिकारी (सचिव) अश्वनी कुमार के खिलाफ विभागीय जांच के निर्देश दिए। साथ ही मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि गौ-आश्रय स्थल पर चारा, स्वच्छ पेयजल और गोवंशों की समुचित देखभाल सुनिश्चित की जाए। नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कर उसकी रिपोर्ट भी उपलब्ध कराने के आदेश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि व्यवस्थाओं में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और गौशाला की स्थिति में तत्काल सुधार किया जाए।
निरीक्षण के दौरान सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) राजेन्द्र सिंह समेत अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *