सहकारी समितियां किसानों के लिए महत्वपूर्ण केंद्र: एसडीएम
• सहकारी समिति जसपुरापुर का एसडीएम सदर ने किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं में पारदर्शिता के दिए निर्देश
जलालाबाद, कन्नौज। क्षेत्र के सहकारी समिति लि. जसपुरापुर का ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उप जिलाधिकारी सदर वैशाली ने मंगलवार को औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टॉक रजिस्टर, खाद्यान्न भंडारण व्यवस्था, गोदाम की स्थिति और वितरण प्रणाली का गहन परीक्षण किया। निरीक्षण के समय उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि किसानों को खाद्य सामग्री और उर्वरकों की उपलब्धता में किसी भी प्रकार की कमी न होने पाए। उन्होंने कहा कि सहकारी समितियां किसानों के लिए महत्वपूर्ण केंद्र हैं, इसलिए यहां पारदर्शिता बनाए रखना, स्टॉक का नियमित अद्यतन और समयबद्ध वितरण सुनिश्चित करना आवश्यक है। उप जिलाधिकारी ने गोदाम में रखे खाद्यान्न और उर्वरकों के सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित भंडारण पर विशेष ध्यान देने को कहा, ताकि उनकी गुणवत्ता प्रभावित न हो। साथ ही उन्होंने सभी अभिलेखों को अद्यतन और सत्यापित रखने के निर्देश दिए, जिससे किसी भी समय निरीक्षण के दौरान सही जानकारी उपलब्ध कराई जा सके। इस दौरान उन्होंने फार्मर रजिस्ट्री के महत्व पर भी जोर देते हुए अधिक से अधिक किसानों का पंजीकरण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। कर्मचारियों से कहा गया कि वे किसानों को इसके प्रति जागरूक करें और पंजीकरण में आने वाली समस्याओं का त्वरित समाधान कराएं। निरीक्षण के दौरान समिति के पदाधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।


