छिबरामऊ एलआईसी कार्यालय में अभिकर्ता सम्मान समारोह, युवाओं को स्वरोजगार के लिए किया प्रेरित।
छिबरामऊ, 14 अप्रैल। सौरिख रोड स्थित भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) कार्यालय में मंगलवार को एक भव्य अभिकर्ता सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन विकास अधिकारी अनुराग सिंह द्वारा किया गया।
इस अवसर पर उन्होंने जीवन बीमा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह न केवल आर्थिक सुरक्षा प्रदान करता है, बल्कि भविष्य की अनिश्चितताओं से भी सुरक्षा देता है। उन्होंने युवाओं को एलआईसी में ‘बीमा सखी’ एवं ‘ग्रामीण वृत्तिक अभिकर्ता’ के रूप में जुड़कर स्वरोजगार के अवसर अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कन्नौज के वरिष्ठ शाखा प्रबंधक सुदीप पालीवाल तथा छिबरामऊ के शाखा प्रबंधक अतुल कुमार उपस्थित रहे। उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अभिकर्ताओं को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
समारोह में वरिष्ठ अभिकर्ता शेखर यादव और बीरेंद्र कश्यप ने भी अपने विचार साझा करते हुए जीवन बीमा की आवश्यकता और इसके लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
इस दौरान विनेश यादव, विशाल दुबे, हरिओम त्रिपाठी, रेनू मिश्रा, मोहम्मद आसिफ, प्रतिभा मिश्रा, राधा देवी, दिव्या यादव, अंजू शाक्य, सपना और दीपचंद्र सहित दर्जनों अभिकर्ताओं को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का समापन सभी उपस्थित अतिथियों और अभिकर्ताओं के आभार प्रदर्शन के साथ हुआ।

