कन्नौज में छोटे व्यापारियों को मिले 5 किलो के गैस सिलेंडर
• जिला पूर्ति अधिकारी बोले कारोबार में न आए बाधा, इसलिए वितरित किए गए सिलेंडर
कन्नौज। जनपद के नगर क्षेत्र में छोटे व्यापारियों और वेंडरों को राहत देने के लिए प्रशासन ने महत्वपूर्ण पहल की है। जिला पूर्ति अधिकारी राजीव मिश्र ने बताया कि छोटे कारोबारियों को निर्बाध रूप से अपना व्यवसाय संचालित करने के उद्देश्य से आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में बुधवार को रोडवेज क्षेत्र, कन्नौज गैस एजेंसी क्रॉसिंग और गोल कुआं इलाके में खान- पान से जुड़े छोटे व्यापारी, वेंडर और ठेला संचालकों को 5 किलोग्राम के व्यावसायिक गैस सिलेंडरों का वितरण किया गया। इस दौरान सर्वेश पुत्र प्रेम सिंह, राधेश्याम पुत्र रामऔतार, रघुवीर पुत्र रामऔतार, चंद्रभान पुत्र श्याम सुंदर और विकास पुत्र लल्लू सहित अन्य व्यापारियों को सिलेंडर उपलब्ध कराए गए। जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि वर्तमान भू- राजनीतिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए ईंधन आपूर्ति को सुचारु बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया है, ताकि छोटे व्यापारियों का दैनिक व्यवसाय प्रभावित न हो सके। प्रशासन ने सभी छोटे व्यापारियों, वेंडरों और ठेला संचालकों से अपील की है कि वे अपने नजदीकी गैस एजेंसी से संपर्क कर 5 किलोग्राम के छोटे व्यावसायिक सिलेंडर प्राप्त करें, जिससे उनके कारोबार में ईंधन की कमी न आए। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि आवश्यक वस्तुओं और सेवाओं की उपलब्धता बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि आमजन और छोटे व्यापारियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।


