कन्नौज में 24 मार्च को वृहद रोजगार मेला, 1000 से अधिक पदों पर भर्ती
• जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट परिसर से मेले के प्रचार- प्रसार वाहन को दिखाई हरी झंडी

कन्नौज। युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जनपद में 24 मार्च 2026 को एक दिवसीय वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। यह मेला प्रातः 10 बजे राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, बेहरिन तिर्वा रोड पर आयोजित होगा। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने कलेक्ट्रेट परिसर से प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर मेले के प्रचार- प्रसार की शुरुआत की। उन्होंने बताया कि यह आयोजन “उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन” के अंतर्गत किया जा रहा है, जिसमें कन्नौज सहित विभिन्न शहरों की प्रतिष्ठित कंपनियां प्रतिभाग करेंगी। मेले के माध्यम से करीब 1000 से अधिक रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। जिलाधिकारी ने बताया कि इस रोजगार मेले में हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, परास्नातक, डिप्लोमा एवं आईटीआई उत्तीर्ण अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं। इच्छुक अभ्यर्थियों को सेवायोजन विभाग के पोर्टल “रोजगार संगम” पर पंजीकरण कर मेले में शामिल होने की सलाह दी गई है। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार, मुख्य विकास अधिकारी राम कृपाल चौधरी, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उप जिलाधिकारी वैशाली, जिला सेवायोजन अधिकारी अपूर्वा दुबे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

