कांशीराम की 92वीं जयंती व आजाद समाज पार्टी का स्थापना दिवस मनाया
• असपा पदाधिकारियों ने कांशीराम के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए
कन्नौज। आजाद समाज पार्टी (भीम आर्मी) के तत्वावधान में बहुजन नायक मान्यवर कांशीराम जी की 92वीं जयंती तथा आजाद समाज पार्टी के छठे स्थापना दिवस के अवसर पर गुरसहायगंज के एक निजी गेस्ट हाउस में सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मंडल प्रभारी छबिराम जाटव ने कांशीराम के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। सभा को संबोधित करते हुए छबिराम जाटव ने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के बाद बहुजन समाज को जागृत करने का कार्य कांशीराम ने किया। उन्होंने कहा कि कांशीराम ने सरकारी नौकरी छोड़कर बहुजन समाज को संगठित करने और सत्ता में भागीदारी दिलाने के लिए संघर्ष किया तथा लाखों लोगों का कारवां तैयार किया, जिसके परिणामस्वरूप उत्तर प्रदेश में बहुजन समाज की सरकार बनी। जिलाध्यक्ष प्रभात गौतम ने कहा कि कांशीराम के निधन के बाद उनका मिशन कुछ समय के लिए धीमा पड़ गया था, लेकिन अब चंद्रशेखर आजाद के नेतृत्व में उसे नई गति मिली है। उन्होंने कहा कि 2020 में चंद्रशेखर आजाद ने आजाद समाज पार्टी का गठन कर महापुरुषों की विचारधारा को जन- जन तक पहुंचाने का अभियान शुरू किया है। उन्होंने यह भी कहा कि बहुजन समाज के बढ़ते कारवां से घबराकर कुछ मनुवादी ताकतें चंद्रशेखर आजाद को धमकी देने का काम कर रही हैं, लेकिन संघर्षों से निकले नेतृत्व को ऐसी धमकियों से डराया नहीं जा सकता। वक्ताओं ने केंद्र सरकार से मांग की कि बहुजन नायक कांशीराम को भारत रत्न से सम्मानित किया जाए। कार्यक्रम में युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष नेम सिंह, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष राजू भारती, जिला प्रभारी पवन गौतम, शेर सिंह, जिला महासचिव चांद सूरज, जिला उपाध्यक्ष अनंत शाक्य, संगठन मंत्री हरिपाल सिंह, मीडिया प्रभारी अनुज रावण, विधानसभा अध्यक्ष ओमप्रकाश, विधानसभा सचिव सुशील, तालिब, नगर अध्यक्ष रजनीकांत, अरशद खान, अखिलेश सहित पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।


