इत्रोत्सव की तैयारियों का डीएम ने लिया जायजा, दिए निर्देश
• कन्नौज के बोर्डिंग ग्राउंड में कल से 16 मार्च तक इत्रोत्सव कार्यक्रम का होगा आयोजन

कन्नौज। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने बोर्डिंग ग्राउंड में 14 से 16 मार्च तक आयोजित होने वाले इत्रोत्सव कार्यक्रम की तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी तैयारियां समय से पूरी कर कार्यक्रम को भव्य व आकर्षक बनाया जाए। निरीक्षण के दौरान डीएम ने विभिन्न विभागों के स्टॉल स्थल का जायजा लिया और वाहनों की पार्किंग के लिए अलग स्थान चिन्हित करने तथा वहां व्यवस्था की निगरानी के लिए कर्मी तैनात करने के निर्देश दिए। सूचना विभाग की जन कल्याणकारी योजनाओं से संबंधित प्रदर्शनी को शीघ्र पूरा करने और उसे आकर्षक बनाने के लिए कमलें रखने को कहा। उन्होंने फूड स्टॉल को सुव्यवस्थित ढंग से लगाने, दो स्थानों पर बनाए जा रहे सेल्फी प्वाइंट का कार्य आज ही पूरा करने और मीडिया के लिए बैठने व कवरेज स्थल की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम के मंच को सुसज्जित व व्यवस्थित रखने पर भी जोर दिया। डीएम ने कहा कि इत्रोत्सव का उद्देश्य कन्नौज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक इत्र उद्योग और स्थानीय कारीगरों की कला को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम के माध्यम से कन्नौज की ऐतिहासिक पहचान और सांस्कृतिक धरोहर को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। इस मौके पर जिला पर्यटन अधिकारी डॉ. एम. मकबूल, अधिशासी अधिकारी श्यामेंद्र मोहन व सीएम टूरिज्म फेलो नमन दुआ सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

