जनगणना- 2027 पूरी तरह होगी डिजिटल, नागरिक कर सकेंगे स्व-गणना

• दो चरणों मे कराई जाएगी जनगणना, एप के जरिए स्वयं भी दर्ज कर सकेंगे जानकारी

कन्नौज। कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में बुधवार को जनगणना-2027 के क्रियान्वयन को लेकर कार्यशाला आयोजित की गई। अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) देवेंद्र सिंह ने बताया कि आगामी जनगणना पहली बार पूर्णत: डिजिटल मोड में होगी, जिसमें नागरिकों के लिए स्व- गणना की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। उन्होंने बताया कि जनगणना दो चरणों में कराई जाएगी। पहला चरण मकान सूचीकरण व मकानों की गणना का होगा, जो मई- जून 2026 में 30 दिनों तक चलेगा। इसमें सभी भवनों, घरों व झुग्गियों का विवरण दर्ज किया जाएगा और गणनाकर्ता मोबाइल एप के माध्यम से डेटा संकलित करेंगे। नागरिक स्वयं भी एप के जरिए अपने परिवार की जानकारी दर्ज कर सकेंगे। दूसरे चरण में 9 से 28 फरवरी 2027 तक जनसंख्या और जाति की गणना की जाएगी। इसमें प्रत्येक व्यक्ति का नाम, उम्र, लिंग, शिक्षा, रोजगार, उद्योग-व्यवसाय सहित अन्य सामाजिक-आर्थिक आंकड़े एकत्र किए जाएंगे। पहली बार जाति आधारित विस्तृत डेटा भी संकलित किया जाएगा। कार्यशाला में जनगणना- 2027 की तैयारियों और प्रथम चरण के लिए अधिकारियों के प्रशिक्षण पर भी चर्चा की गई। तहसीलदारों व चार्ज अधिकारियों के माध्यम से कर्मचारियों को जनगणना प्रतिनिधि अंशु साहू, शशमिता द्विवेदी व मृदुल मिश्रा ने प्रशिक्षण दिया। बैठक में एसडीएम छिबरामऊ ज्ञानेन्द्र कुमार द्विवेदी, डिप्टी कलेक्टर रेशमा सहाय, नवनीता राय समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *