14 और 15 मार्च को सीसीटीवी निगरानी में होगी उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा
• सघन जांच के बाद ही मिलेगा प्रवेश, डीएम ने बैठक कर दिए निर्देश
कन्नौज। उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती- 2025 परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से कराने के लिए कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में बैठक हुई। जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद के आठ परीक्षा केंद्रों पर 14 और 15 मार्च को दो पालियों में 1920 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में कराई जाएगी और केंद्रों पर स्टैटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक सहित पुलिस व परीक्षा संचालन से जुड़े अधिकारियों की तैनाती की गई है। उन्होंने निर्देश दिए कि परीक्षा सामग्री परीक्षा से 24 घंटे पहले संबंधित अधिकारियों की मौजूदगी में खोली जाएगी और उसकी जांच की जाएगी। केंद्रों के बाहर रोल नंबर व कक्ष संख्या की सूची चस्पा की जाएगी तथा सघन तलाशी के बाद ही अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया जाएगा। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने कहा कि परीक्षा बेहद संवेदनशील है, इसलिए प्रवेश द्वार पर ही अभ्यर्थियों की कड़ी जांच की जाए ताकि कोई भी प्रतिबंधित सामग्री परीक्षा कक्ष तक न पहुंच सके। बैठक में अपर जिलाधिकारी देवेन्द्र सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


