27 लाख कीमत का अवैध गांजा के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार
• कब्जे से पुलिस ने करीब 56 किलो गांजा बरामद किया, उड़ीसा से लाकर कन्नौज में करते थे सप्लाई तस्कर
कन्नौज। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सर्विलांस, एसओजी और सदर कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने 56.590 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ तीन शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की कीमत करीब 27 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक मोटर साइकिल भी बरामद की है। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार के निर्देशन पर थाना प्रभारी कोतवाली जितेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने पाल चौराहे के पास से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में मंजीत सिंह (35) निवासी ग्राम किशनपुर थाना सौरिख, उमेश सिंह (20) निवासी मोहनपुर थाना सचेंडी कानपुर नगर और सतीश दुबे (55) निवासी गंगधरापुर कोतवाली कन्नौज हैं। तलाशी के दौरान उनके पास से 56.590 किलोग्राम अवैध गांजा और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई। पुलिस पूछताछ में मंजीत सिंह और उमेश सिंह ने बताया कि वे लोग उड़ीसा से सस्ते दामों पर गांजा लाकर कन्नौज में सतीश दुबे को बेचते थे। इसके बाद सतीश दुबे इस गांजे को आसपास के क्षेत्रों में महंगे दामों पर सप्लाई करता था। इसी कारोबार से वे लोग अपने परिवार का पालन- पोषण करते थे। मामले में सदर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी सतीश दुबे के खिलाफ पहले भी वर्ष 2025 में एक मुकदमा दर्ज है।


