जिले में सभी पेट्रोल पंपों पर पर्याप्त मात्रा में पेट्रोल व डीजल
• डीएसओ बोले पेट्रोल- डीजल की कमी की अफवाहें निराधार, जनपद में आपूर्ति सामान्य

कन्नौज। जनपद में पेट्रोल और डीजल की कमी को लेकर सोशल मीडिया व अन्य माध्यमों से फैल रही अफवाहों को जिला पूर्ति अधिकारी राजीव मिश्र ने पूरी तरह निराधार और भ्रामक बताया है। उन्होंने कहा कि जनपद में ईंधन की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और सभी पेट्रोल पंपों पर पर्याप्त मात्रा में पेट्रोल व डीजल उपलब्ध है। जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि स्थिति का जायजा लेने के लिए उन्होंने जनपद के चार- पांच पेट्रोल पंपों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सभी पंपों पर ईंधन की उपलब्धता सामान्य पाई गई तथा पेट्रोल और डीजल की बिक्री नियमित रूप से की जा रही है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में जनपद के पेट्रोलियम एसोसिएशन के अध्यक्ष व प्रतिनिधियों के साथ ही विभिन्न मार्केटिंग कंपनियों के विक्रय अधिकारियों से भी बातचीत की गई। सभी ने जानकारी दी कि डिपो से ईंधन की आपूर्ति निर्बाध रूप से हो रही है और जनपद के सभी पेट्रोल पंपों पर पर्याप्त मात्रा में ईंधन उपलब्ध है। जिला पूर्ति अधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और अपने वाहनों में आवश्यकतानुसार ही पेट्रोल या डीजल भरवाएं। उन्होंने सुरक्षा के मद्देनजर किसी भी खुले पात्र में ईंधन खरीदने से भी परहेज करने की सलाह दी, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। साथ ही जनपद के सभी पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने- अपने आउटलेट पर नियमों के अनुसार वाहनों में पेट्रोल व डीजल की निर्बाध बिक्री सुनिश्चित करें। उपभोक्ताओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए किसी भी खुले पात्र में ईंधन की बिक्री न की जाए। निर्देशों का उल्लंघन करने वाले पेट्रोल पंप स्वामियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

