सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर जिलाधिकारी का छापा, नदारद मिले अधीक्षक

• जलालाबाद सीएचसी अधीक्षक मनोज कुमार व गुगरापुर अधीक्षक सुरेंद्र चौधरी मिले अनुपस्थित

जलालाबाद, कन्नौज। जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुगरापुर व जलालाबाद का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान चिकित्सकीय व्यवस्थाओं, स्वच्छता, दवा उपलब्धता और स्टाफ उपस्थिति की जांच कर आवश्यक निर्देश दिए। सीएचसी गुगरापुर में डॉ. देवेन्द्र कुमार मीना, फार्मासिस्ट प्रभात तिवारी, वार्ड बॉय अतुल कुमार व स्वीपर सोनू मौजूद मिले, जबकि प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. सुरेन्द्र चौधरी अनुपस्थित पाए गए। अस्पताल परिसर में गंदगी मिलने पर डीएम ने नाराजगी जताई। निरीक्षण के समय कोई मरीज मौजूद नहीं था। डीएम ने तत्काल साफ-सफाई दुरुस्त करने के निर्देश दिए। इसके बाद सीएचसी जलालाबाद में डॉ. उदय वीर प्रताप, फार्मासिस्ट ज्ञानेंद्र सचान व वार्ड बॉय शिवम उपस्थित मिले, जबकि प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. मनोज कुमार अनुपस्थित थे। दवाओं की उपलब्धता संतोषजनक पाई गई, लेकिन स्टोर रूम में गंदगी मिलने पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताई। महिला चिकित्सालय में प्रतिमाह 16-17 प्रसव होने की जानकारी स्टाफ नर्स रचना यादव ने दी। निरीक्षण के समय महिला चिकित्सक डॉ. पूनम अनुपस्थित पाई गईं। डीएम ने सभी चिकित्साधिकारियों व कर्मचारियों को समय से उपस्थित रहकर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं देने के निर्देश दिए। लापरवाही मिलने पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *