होली से पहले खाद्य विभाग की सख्ती, 800 लीटर संदिग्ध दूध समेत 5 नमूने भरे

• 60 लीटर दूषित दूध, 40 किलो रंगीन कचरी, 20 किलो खराब खोया सहित आदि नष्ट कराया

कन्नौज। आगामी होली पर्व को देखते हुए जनपद में मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया गया है। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री के निर्देश व अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) देवेन्द्र सिंह के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी संतोष कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में टीम ने तिर्वा रोड स्थित प्रजापति मार्केट के पास टाटा बोलेरो से बिक्री के लिए ले जाए जा रहे 25 केनों में करीब 800 लीटर मिश्रित दूध पकड़ा। मौके पर दो नमूने जांच के लिए भरे गए। इसके अलावा गौरी शंकर रोड स्थित योगेश्वर किराना स्टोर से रंगीन कचरी, अजय पाल रोड स्थित शंकर मिष्ठान भंडार से खोया तथा कमालगंज (फर्रुखाबाद) निर्मित मनपसंद ब्रांड अचार का एक- एक नमूना लिया गया। टीम ने स्थानीय खोया मंडी में भी चेकिंग अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान करीब 60 लीटर दूषित दूध, 40 किलो रंगीन कचरी, 20 किलो खराब खोया और 7 किलो खराब अचार को नष्ट कराया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 12 हजार रुपये बताई गई है। सभी पांच नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए गए हैं। रिपोर्ट आने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने खाद्य कारोबारियों व आमजन को मिलावटी खाद्य पदार्थों से होने वाले नुकसान की जानकारी देते हुए जागरूक भी किया।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *