बस स्टैंड निर्माण के लिए चिन्हित भूमि का डीएम ने किया स्थलीय निरीक्षण
• जल्द शुरू होगा निर्माण कार्य, परिवहन व्यवस्था को मिलेगी नई दिशा
कन्नौज। जिले की यातायात व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ व सुव्यवस्थित करने की दिशा में जिला प्रशासन ने अहम पहल की है। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने प्रस्तावित बस स्टैंड के निर्माण के लिए ग्राम बलाई में चिन्हित भूमि का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने भूमि की भौगोलिक स्थिति, उपलब्ध क्षेत्रफल, संपर्क मार्ग, यातायात कनेक्टिविटी और आसपास मौजूद आधारभूत सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि भूमि से जुड़ी सभी राजस्व व तकनीकी औपचारिकताओं को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा कराया जाए, ताकि बस स्टैंड निर्माण कार्य निर्धारित समय- सीमा में शुरू किया जा सके। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित बस स्टैंड के निर्माण से जनपद की परिवहन व्यवस्था को नई दिशा मिलेगी और यात्रियों को सुरक्षित, सुगम व आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। जिलाधिकारी ने बताया कि बस स्टैंड के निर्माण से नगर क्षेत्र में यातायात का दबाव कम होगा, जाम की समस्या से राहत मिलेगी और आमजन को व्यवस्थित परिवहन सुविधा प्राप्त होगी। साथ ही इससे स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगा, रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और जनपद की आर्थिक गतिविधियों में तेजी आएगी।
इस मौके ज्वाइंट मजिस्ट्रेट व उप जिलाधिकारी सदर वैशाली, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अर्पित कुमार, एआरएम रोडवेज, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका सहित राजस्व विभाग के अधिकारी व कर्मचारी रहे।


