कस्तूरबा गांधी ‘बा’ विद्यालय का निरीक्षण कर डीएम ने छात्राओं से किया संवाद
• स्मार्ट क्लास, आईसीटी लैब का भी किया अवलोकन, निर्माण कार्य में लापरवाही पर दी सख्त चेतावनी
कन्नौज। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, नसरापुर का निरीक्षण कर शैक्षणिक, आवासीय एवं निर्माण संबंधी व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता पर कड़ी नाराजगी जताते हुए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य के निर्देश दिए। डीएम ने विद्यालय परिसर में प्रस्तावित बॉलीबॉल कोर्ट के निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित कार्यदायी संस्था को बताया कि कोर्ट के लिए स्थान का चिन्हांकन पूर्ण हो चुका है तथा ₹10.56 लाख की धनराशि भी स्वीकृत की जा चुकी है। ऐसे में कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा कराया जाए और गुणवत्ता से कोई समझौता न हो। इसके साथ ही जिलाधिकारी ने विद्यालय की मुख्य इमारत में निर्माणाधीन टॉयलेट ब्लॉक का निरीक्षण किया और निर्देश दिए कि इसे तय स्थल पर मानकों के अनुरूप एवं समय से पूर्ण कराया जाए। निरीक्षण के दौरान डीएम ने स्मार्ट क्लास एवं आईसीटी लैब का भी अवलोकन किया। उन्होंने आधुनिक शिक्षण संसाधनों के अधिकतम उपयोग पर जोर देते हुए कहा कि इससे छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण और तकनीक-सक्षम शिक्षा प्राप्त होगी। आगामी शैक्षणिक भ्रमण को लेकर भी उन्होंने अधिकारियों से चर्चा करते हुए शैक्षणिक उद्देश्य को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। इस अवसर पर छात्राओं ने जिलाधिकारी का स्वागत हस्तनिर्मित बैज, आसन एवं गुलदस्ते भेंट कर किया। डीएम ने छात्राओं से संवाद करते हुए उन्हें आत्मविश्वास के साथ अध्ययन करने, अनुशासन में रहने और अपने लक्ष्य के प्रति निरंतर प्रयासरत रहने के लिए प्रेरित किया। निरीक्षण के दौरान जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार, जिला क्रीड़ा अधिकारी नूरल हसन, यूपीपीसीएल एवं यूपीसीएलडीएफ की कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि सहित अन्य संबंधित अधिकारी रहे।


