20- 21 फरवरी को लगेगा परिवहन मेला, मिलेगी छूट
• एआरटीओ की जिलेवासियों से अपील: मेले में पहुंचकर एकमुश्त कर व्यवस्था का लाभ उठाएं
कन्नौज। जिले के वाहन स्वामियों के लिए राहत भरी खबर है। एआरटीओ कार्यालय परिसर में 20 व 21 फरवरी 2026 को एकमुश्त कर व्यवस्था (वन टाइम टैक्स) को लेकर परिवहन मेला आयोजित किया जाएगा। यह मेला प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक चलेगा। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी इज्या तिवारी ने बताया कि परिवहन कर प्रणाली में व्यापक सुधार करते हुए एकमुश्त कर (One Time Tax-OTT) व्यवस्था लागू की गई है, जो वाहन पोर्टल पर लाइव हो चुकी है। वाहन स्वामी मेले में पहुंचकर इस नई व्यवस्था का लाभ ले सकते हैं। उन्होंने बताया कि परिवहन यानों पर एकबारीय कर (OTT) की दरें इस प्रकार निर्धारित की गई हैं कि भाड़े पर संचालित दोपहिया मोटरसाइकिल पर वाहन मूल्य का 12.5 प्रतिशत, तिपहिया मोटर कैब पर 7 प्रतिशत, 10 लाख रुपये तक के मोटर कैब/मैक्सी कैब पर 10.5 प्रतिशत, 10 लाख रुपये से अधिक के मोटर कैब/मैक्सी कैब पर 12.5 प्रतिशत, निर्माण उपस्कर/विशेष प्रयोजन यान (जैसे जेसीबी, बुलडोजर आदि) पर 6 प्रतिशत, 3000 किलोग्राम तक के माल वाहनों पर 3 प्रतिशत तथा 3000 से 7500 किलोग्राम तक के माल वाहनों पर 6 प्रतिशत, पूर्व से पंजीकृत वाहनों के लिए एकबारीय कर की गणना पूर्व अवधि के प्रत्येक वर्ष के लिए 8 प्रतिशत की छूट के साथ की जाएगी। यह छूट अधिकतम 75 प्रतिशत तक सीमित रहेगी। एआरटीओ ने जनपद के समस्त वाहन स्वामियों से अपील की है कि वे परिवहन मेले में पहुंचकर एकमुश्त कर व्यवस्था का लाभ उठाएं और अपनी कर संबंधी प्रक्रियाएं सरल बनाएं।

