413 शिक्षकों को चयन वेतनमान का लाभ, फरवरी वेतन में मिलेगा बढ़ा हुआ भुगतान
• सौरिख ब्लॉक के 50, तालग्राम 75, गुगरापुर 28, जलालाबाद 40, सदर 94, हसेरन 16 और छिबरामऊ से 110 शिक्षकों का चयन
कन्नौज। परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों के लिए राहत भरी खबर है। जनपद में 413 शिक्षकों को चयन वेतनमान का लाभ दिए जाने की स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। बढ़ा हुआ वेतन फरवरी 2026 के वेतन के साथ देय होगा। शिक्षकों के लंबित एसीपी प्रकरणों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद विभागीय स्तर पर प्रक्रिया पूरी कर पात्र शिक्षकों को चयन वेतनमान का लाभ स्वीकृत किया गया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार ने बताया कि जनपद के 1459 परिषदीय विद्यालयों में करीब छह हजार शिक्षक कार्यरत हैं। शासन के प्रावधानों के अनुसार निर्धारित सेवा अवधि पूर्ण करने और संतोषजनक कार्य निष्पादन करने वाले शिक्षकों को चयन वेतनमान का लाभ दिया जा रहा है। विकास खंडवार चयनित शिक्षकों में सौरिख से 50, तालग्राम से 75, गुगरापुर से 28, जलालाबाद से 40, सदर से 94, हसेरन से 16 तथा छिबरामऊ से 110 शिक्षक शामिल हैं। चयन वेतनमान लागू होने से पात्र शिक्षकों के वेतन में लगभग तीन से चार हजार रुपये प्रतिमाह तक की वृद्धि होने का अनुमान है। पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से पारदर्शिता के साथ संपन्न की गई। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शिक्षकों को समयबद्ध लाभ उपलब्ध कराना प्राथमिकता में है। निर्णय के बाद शिक्षकों में उत्साह का माहौल है और इससे जिले की शैक्षिक गुणवत्ता को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।


