तहसील तिर्वा का डीएम ने किया औचक निरीक्षण, गंदगी पर जताई नाराजगी

• डीएम बोले तहसील में आने वाले फरियादियों को मिलना चाहिए बेहतर वातावरण

कन्नौज। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने तहसील तिर्वा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने उप जिलाधिकारी कार्यालय, तहसीलदार कार्यालय, राजस्व न्यायालय, राजस्व संग्रह, नजारत, रियल टाइम खतौनी, आईजीआरएस सहित विभिन्न शाखाओं की विस्तृत समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान तहसील परिसर में साफ- सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं पाई गई। तहसील भवन में स्थित शौचालयों की दशा अत्यंत खराब मिली, जिस पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताई। साथ ही लंबे समय से रंगाई- पुताई का कार्य न कराए जाने पर भी असंतोष व्यक्त किया। डीएम ने उप जिलाधिकारी तिर्वा राजेश कुमार व तहसीलदार अवनीश कुमार को निर्देशित किया कि तहसील परिसर में नियमित और समुचित साफ-सफाई सुनिश्चित कराई जाए। उन्होंने कहा कि तहसील में आने वाले फरियादियों को बेहतर वातावरण मिलना चाहिए। जनसुविधाओं की समीक्षा करते हुए डीएम ने वाहन पार्किंग, बैठने की समुचित व्यवस्था, पेयजल सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं को तत्काल दुरुस्त व सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तहसील परिसर में आने वाले नागरिकों को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान संबंधित शाखाओं के अधिकारी व कर्मचारी रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *