विश्वविद्यालय कानपुर में बिखरी इत्र नगरी की सुंगध, नंदनी का शानदार प्रदर्शन
• मंडल स्तरीय सड़क सुरक्षा प्रतियोगिता में नंदनी दुबे ने बाजी मारी, मिला सम्मान
कन्नौज। छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर में शुक्रवार को आयोजित मंडल स्तरीय सड़क सुरक्षा प्रतियोगिताओं में राजकीय महिला महाविद्यालय, बांगर, कन्नौज की छात्रा ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर महाविद्यालय का नाम रोशन किया। बी.ए. तृतीय वर्ष की छात्रा नंदनी दुबे ने रील प्रतियोगिता एवं भाषण प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त कर सफलता हासिल की। प्रतियोगिता में नंदनी दुबे ने सड़क सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषय पर प्रभावशाली प्रस्तुति देकर निर्णायकों और उपस्थित दर्शकों को प्रभावित किया। विश्व विद्यालय की ओर से नंदनी दुबे को स्मृति चिन्ह व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। उल्लेखनीय है कि नंदनी इससे पूर्व जनपद स्तर पर आयोजित सड़क सुरक्षा प्रतियोगिताओं में भी प्रथम स्थान प्राप्त कर चुकी हैं। इस उपलब्धि पर महाविद्यालय की प्राचार्य रीतू सिंह ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए छात्रा को बधाई दी और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं शिक्षक अंबरीन फातिमा, शैलेन्द्र कुमार, डॉ. नेहा मिश्रा, डॉ. प्रेम प्रकाश यादव सहित महाविद्यालय परिवार के अन्य सदस्यों एवं छात्र-छात्राओं ने भी नंदनी को शुभकामनाएं दीं और हर्ष व्यक्त किया।


