उमरपुर गांव में मारपीट का वीडियो वायरल, जांच में जुटी पुलिस
• घटना को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश, प्रशासन से दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग
तालग्राम, कन्नौज। तालग्राम थाना क्षेत्र के उमरपुर गांव में दो पक्षों के बीच हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि पब्लिक न्यूज़ अड्डा वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता। वायरल फुटेज में दोनों पक्षों के लोग एक- दूसरे के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। जिसमें महिलाओं की संख्या अधिक दिखाई दे रही है। वीडियो में एक युवक के साथ बेरहमी से मारपीट किए जाने के दृश्य भी सामने आए हैं। वही एक पक्ष से पीड़ित युवक का आरोप है कि गांव के ही कुछ दबंग लोग आए दिन उसके और उसके परिवार के साथ मारपीट व गाली- गलौज करते रहते हैं। उसने बताया कि जब इस संबंध में थाना पुलिस से शिकायत की गई तो आरोपितों ने खुलेआम धमकी दी कि उनका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। आरोप है कि शिकायत के बाद दबंग और आक्रामक हो गए और जान से मारने की धमकी देने लगे। पीड़ित ने आशंका जताई है कि यदि उसके या उसके परिवार के किसी सदस्य के साथ कोई अनहोनी होती है, तो इसके लिए वही लोग जिम्मेदार होंगे। उसने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है। वायरल वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की भूमिका पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। इस संबंध में थाना प्रभारी ध्यानेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है। तहरीर प्राप्त होने पर मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। घटना को लेकर गांव में आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई किए जाने की मांग की है।


