एसडीएम सदर ने अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं की परखी हकीकत
• सीएचसी जलालाबाद का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को दिए निर्देश
जलालाबाद, कन्नौज। छिबरामऊ सौ सैया अस्पताल में बिना सर्जन मरीज का ऑपरेशन किया गया था। उसके बाद से प्रशासन सख्त है। जिलाधिकारी के निर्देश पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उप जिलाधिकारी सदर वैशाली ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जलालाबाद का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का गहन जायजा लिया और मरीजों को दी जा रही सुविधाओं की गुणवत्ता परखीं। निरीक्षण के समय एसडीएम ने मरीजों के स्वास्थ्य परीक्षण, दवाओं की उपलब्धता, अस्पताल परिसर की साफ- सफाई तथा व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने उपस्थित चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिए कि मरीजों का समयबद्ध और बेहतर ढंग से स्वास्थ्य परीक्षण सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी को अनावश्यक परेशानी न हो। उप जिलाधिकारी सदर ने अस्पताल परिसर में स्वच्छता बनाए रखने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि साफ- सफाई में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके साथ ही आवश्यक दवाओं और संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा मरीजों को हर संभव सुविधा देने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने स्पष्ट किया कि सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार लाना प्रशासन की प्राथमिकता है, ताकि आमजन को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सके।


