अस्पतालों में वर्दी में दिखेंगे स्वास्थ्य कर्मी, आमजन को मिलेगी सहूलियत

• डीएम ने बैठक कर सीएमओ को कड़ाई से पालन कराने के दिए निर्देश

कन्नौज। अब स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सक व कर्मचारी कार्यस्थल पर अनिवार्य रूप से वर्दी और पहचान पत्र के साथ दिखाई देंगे। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने निर्देश दिए हैं कि जनपद के किसी भी चिकित्सालय में बिना ड्रेस व आईडी कार्ड के कोई भी डॉक्टर या कर्मचारी तैनात न रहे। इसके लिए सात दिवस के भीतर शत- प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराने को कहा गया है यह निर्देश कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में आयोजित यू- विन पोर्टल से संबंधित समीक्षा बैठक में दिए गए। बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी ने विकास खंड गुगरापुर की यू- विन पोर्टल फीडिंग की प्रगति खराब पाए जाने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यू-विन पोर्टल पर गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों का शत- प्रतिशत पंजीकरण और फीडिंग अनिवार्य रूप से पूरी की जाए। जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि सभी चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी निर्धारित वर्दी व पहचान पत्र के साथ ही ड्यूटी पर उपस्थित हों, ताकि आमजन को आसानी से यह पहचान हो सके कि संबंधित व्यक्ति स्वास्थ्य विभाग का कर्मचारी है। लापरवाही की स्थिति में जिम्मेदारी तय की जाएगी। बैठक में सीडीओ रामकृपाल चौधरी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. स्वदेश गुप्ता सहित अन्य संबंधित अधिकारी रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *