कांशीराम को भारत रत्न देने की उठी मांग
• आजाद समाज पार्टी की जनसभा, महिला मोर्चा के पदाधिकारियों की घोषणा

कन्नौज। सदर कोतवाली क्षेत्र के बलारपुर गांव में आजाद समाज पार्टी के तत्वावधान में शुक्रवार को बहुजन नायक मान्यवर कांशीराम के 20वें महापरिनिर्वाण दिवस पर जनसभा आयोजित की गई। इसमें वक्ताओं ने कांशीराम के विचारों पर चलने और बहुजन समाज को एकजुट करने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष मनोज दिवाकर ने कहा कि कांशीराम ने समाज में राजनीतिक चेतना जगाई, जिसके परिणामस्वरूप उत्तर प्रदेश में बहुजन समाज पार्टी की चार बार सरकार बनी। जिलाध्यक्ष प्रभात गौतम ने कांशीराम को भारत रत्न देने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि कांशीराम ने बहुजन समाज को हक और हिस्सेदारी के लिए जागरूक किया। उनके अधूरे कारवां को सांसद चंद्रशेखर आजाद आगे बढ़ा रहे हैं। मंडल उपाध्यक्ष पातीराम बौद्ध ने कहा कि आजाद समाज पार्टी बहुजन समाज के अधिकारों की लड़ाई लड़ रही है। सभा में वोट चोरी के मुद्दे पर भी वक्ताओं ने सवाल उठाए। इस दौरान पूजा गौतम को महिला मोर्चा का जिलाध्यक्ष, नन्ही देवी को महासचिव तथा पूनम गौतम और श्रीदेवी को पदाधिकारी बनाया गया। सभा में पवन गौतम, अनंत शाक्य, चांद खां, रामचंद्र, सुनील कुमार, रामकुमार जगतदयाल और रवि सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

