तीस घंटे बाद समधन की विद्युत आपूर्ति हुई बहाल
• पेयजल संकट को देखते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष ने टैंकरों से पहुंचाया पानी

समधन, कन्नौज। उमस भरी गर्मी के बीच गुरुवार को समधन नगर की विद्युत आपूर्ति अचानक ठप हो गई। हाई स्टेशन लाइन में आई खराबी के चलते करीब 30 घंटे तक बिजली गुल रही। शुक्रवार शाम करीब पांच बजे आपूर्ति बहाल होने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। लंबे समय तक बिजली न आने से लोगों को भीषण गर्मी और उमस का सामना करना पड़ा। पंखे और कूलर बंद रहने से घरों में परेशानी बढ़ गई। सबसे अधिक दिक्कत बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को हुई। बिजली न होने से पानी की मोटरें भी नहीं चल सकीं, जिससे कई मोहल्लों में पेयजल संकट खड़ा हो गया। पेयजल संकट को देखते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष आसमा बेगम ने तत्काल पहल करते हुए पानी के टैंकर विभिन्न मोहल्लों में भेजे। किदवई नगर, लोहिया नगर, दारासराय, आजाद नगर समेत अन्य इलाकों में टैंकरों से पानी पहुंचाया गया। इससे लोगों को काफी राहत मिली। लगातार बिजली गुल रहने से रात अंधेरे में गुजरी। सड़कें और गलियां भी अंधेरे में डूबी रहीं, जिससे आवागमन में परेशानी हुई। लोग बिजली विभाग के कर्मचारियों से लगातार संपर्क कर आपूर्ति बहाल होने की जानकारी लेते रहे। शुक्रवार शाम बिजली आने के बाद नगरवासियों ने राहत महसूस की।

