आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, एक की मौततेज रफ्तार कार अज्ञात वाहन से टकराई, हादसे में दूसरा व्यक्ति गंभीर घायल; तिर्वा मेडिकल कॉलेज में भर्ती
पब्लिक न्यूज़ अड्डा से संजीव प्रजापति तालग्राम


कन्नौज । आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर तालग्राम थाना क्षेत्र के रनवां गांव के पास शुक्रवार को तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे अज्ञात वाहन से पीछे से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना में कार सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार हरियाणा के जिला भिवानी के कोतवाली सदर क्षेत्र के ग्राम कितलाना निवासी प्रदीप (42) अपने गांव के ही साथी ओमवीर (45) के साथ कार से हरियाणा से लखनऊ जा रहे थे। रनवां गांव के पास तेज रफ्तार कार आगे चल रहे अज्ञात वाहन से पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही सहायक सुरक्षा अधिकारी राजेंद्र प्रसाद कन्नौजिया, सेफ्टी टीम, गश्ती दल की गाड़ी संख्या-8, रिकवरी क्रेन और एम्बुलेंस-172 मौके पर पहुंची। सुरक्षा टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को क्षतिग्रस्त कार से बाहर निकाला और उपचार के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज, तिर्वा पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद ओमवीर (45) को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल चालक प्रदीप (42) का उपचार जारी है।—-शव को मोर्चरी में रखवायाघटना की सूचना मिलने पर तालग्राम थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी रंजना पांडेय ने बताया कि मेडिकल मेमो के माध्यम से हादसे में एक व्यक्ति की मौत की सूचना मिली है। मृतक के शव को मोर्चरी में रखवाया गया है। परिजनों को सूचना दे दी गई है। परिजनों के पहुंचने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी में कार की तेज रफ्तार और आगे चल रहे अज्ञात वाहन से टक्कर को हादसे की वजह बताया जा रहा है। पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान और दुर्घटना के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। सुरक्षा टीम और पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को हटवाकर यातायात को व्यवस्थित कराया।

