आईजीआरएस पोर्टल पर कन्नौज पुलिस ने लगातार छठी बार हासिल की प्रदेश में पहली रैंक
• माह जून 2026 में पुलिस ने कुल 1270 शिकायतों में से 982 का निर्धारित समय पर किया निस्तारण
कन्नौज। जनपद पुलिस ने जनशिकायतों के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण में एक बार फिर प्रदेश स्तर पर अपनी उत्कृष्ट कार्यशैली का परिचय दिया है। उत्तर प्रदेश शासन की एकीकृत शिकायत निवारण प्रणाली (आईजीआरएस) के जून 2026 के मूल्यांकन में कन्नौज पुलिस ने लगातार छठी बार प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। जून 2026 के दौरान मुख्यमंत्री कार्यालय, आईजीआरएस पोर्टल तथा अन्य माध्यमों से कन्नौज पुलिस को कुल 1270 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से 982 शिकायतों का निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निस्तारण करते हुए संबंधित आख्या आईजीआरएस पोर्टल पर अपलोड की गई। शिकायतों के त्वरित, निष्पक्ष और प्रभावी निस्तारण के लिए पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा किए गए सतत प्रयासों के चलते कन्नौज पुलिस ने प्रदेश में लगातार छठी बार पहला स्थान हासिल कर जनपद और पुलिस विभाग का गौरव बढ़ाया है। एसपी विनोद कुमार का कहना है कि भविष्य में भी जनसामान्य की शिकायतों के पारदर्शी, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि लोगों को त्वरित न्याय और बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।


