अवैध खनन एवं ओवरलोडिंग पर प्रशासन ने कसा शिकंजा

• 06 वाहनों का चालान, लगभग 2.84 लाख रुपये वसूला जुर्माना

कन्नौज। जनपद में अवैध खनन, अवैध परिवहन एवं ओवरलोडिंग के खिलाफ प्रशासन ने शिकंजा कसते हुए बड़ी कार्रवाई की है। खनन विभाग एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में औचक निरीक्षण कर छह वाहनों का चालान किया। साथ ही करीब 2.84 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया। अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) एवं प्रभारी अधिकारी खनिज देवेन्द्र सिंह ने बताया कि शासन एवं जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री के निर्देश पर जिले में लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत सुर्सी मार्ग पर मौरम से भरे दो वाहन, मिट्टी का एक वाहन तथा जिप्सम से भरा एक वाहन पकड़ा गया। वहीं सौरिख क्षेत्र में गिट्टी से भरे एक वाहन और सकरावा क्षेत्र में मौरम से भरे एक वाहन पर कार्रवाई की गई। जिला खनन अधिकारी संदेश कुमार पटेल ने बताया कि सभी छह वाहनों के विरुद्ध ऑनलाइन एवं ऑफलाइन चालान की कार्रवाई करते हुए करीब 2.84 लाख रुपये का जुर्माना जमा कराया गया है। उन्होंने बताया कि चालू वित्तीय वर्ष में अब तक अवैध खनन के दो तथा अवैध परिवहन के 68 वाहनों पर कार्रवाई की जा चुकी है, जिससे करीब 37.74 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया है। उन्होंने कहा कि जनपद में अवैध खनन, ओवरलोडिंग एवं बिना वैध प्रपत्रों के खनिज परिवहन करने वालों के विरुद्ध आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *