कन्नौज के 6 युवा ‘बजट क्वेस्ट’ में चयनित, पीएम से संवाद का मिलेगा अवसर

• चयनित युवा 13 अप्रैल को प्रधानमंत्री के साथ करेंगे सीधा संवाद

कन्नौज। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत संचालित ‘मेरा युवा भारत (MY Bharat)’ पोर्टल द्वारा आयोजित ‘बजट क्वेस्ट’ ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता में कन्नौज के छह युवाओं ने शानदार प्रदर्शन कर जनपद का नाम रोशन किया है। चयनित प्रतिभागियों को अब लखनऊ में आयोजित विशेष कार्यक्रम में भाग लेने के साथ ही प्रधानमंत्री Narendra Modi से संवाद का अवसर भी मिलेगा। गौरतलब है कि फरवरी माह में आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं को केंद्रीय बजट के प्रति जागरूक करना और उनमें वित्तीय साक्षरता को बढ़ावा देना था। देशभर के हजारों युवाओं ने इसमें हिस्सा लिया और बजट से जुड़े विभिन्न सवालों का ऑनलाइन उत्तर दिया। घोषित परिणामों के अनुसार कन्नौज के सूरज सिंह, आरोही चतुर्वेदी, शालू गुप्ता, अभय कुमार, अंबुजा गुप्ता और युगी कटियार का चयन हुआ है। सभी प्रतिभागी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए लखनऊ रवाना होंगे। यह कार्यक्रम 12 और 13 अप्रैल को लखनऊ स्थित Indira Gandhi Pratishthan के जुपिटर हॉल में आयोजित किया जाएगा। 12 अप्रैल को महिला यूथ पार्लियामेंट का आयोजन होगा, जिसमें प्रतिभागियों को संसदीय प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी। वहीं 13 अप्रैल को चयनित युवाओं को प्रधानमंत्री के साथ सीधे संवाद का मौका मिलेगा। कार्यक्रम में प्रतिभागियों के आवास, भोजन सहित सभी व्यवस्थाएं ‘मेरा युवा भारत’ द्वारा की गई हैं। जिला युवा अधिकारी सागर माहेश्वरी ने इसे जनपद के लिए गर्व का विषय बताते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं युवाओं को जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करती हैं। इस उपलब्धि से जनपद के युवाओं में उत्साह का माहौल है और अन्य युवाओं को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिल रही है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *